विश्व पर्यावरण दिवस पर सीसीएल में स्लोगन लेखन और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन
रांची, 02 जून (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में पर्यावरण विभाग की ओर से मंगलवार को बच्चों के लिए चित्रकला, स्लोगन लेखन एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इस वर्ष की वैश्विक थीम प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देना एवं उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था।
प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों के लगभग 250 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने चित्रों, स्लोगन और निबंधों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता, जैव विविधता संरक्षण एवं सतत जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचारों तथा चिंताओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम में निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने बच्चों के बीच पर्यावरणीय चेतना विकसित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी ही कल के सतत एवं हरित भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने में बच्चों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 05 जून को सीसीएल मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

