ओरमांझी में 14.9 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ छह तस्कर गिरफ्तार, भेजा गया जेल

WhatsApp Channel Join Now
ओरमांझी में 14.9 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ छह तस्कर गिरफ्तार, भेजा गया जेल


रांची, 24 अप्रैल (हि.स.)। ओरमांझी थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14.9 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ छह तस्करों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों में साहिल अंसारी, जयप्रकाश महतो, गुलफान अंसारी, जावेद अंसारी, देवेंद्र महतो और शोएब अंसारी शामिल हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओरमांझी इलाके में कुछ युवक एक स्थान पर एकत्र होकर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया और संदिग्ध स्थान पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही सभी युवक मौके से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दौड़ाकर सभी को पकड़ लिया। इसके बाद सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे कम दाम में ब्राउन शुगर खरीदते थे और उसे अधिक कीमत पर बेचते थे। उन्होंने बताया कि इस अवैध कारोबार में कम लागत में ज्यादा मुनाफा होता है, इसी लालच में वे इस धंधे से जुड़े हुए थे।

पुलिस ने आरोपितों के पास से 14.9 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी छह तस्करों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे अवैध धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story