फुटबॉल टूर्नामेंट में एनएफसी पोखरटोली और एसके ब्रदर्स की टीम पहुंची क्वार्टर फाइनल में
रांची, 02 सितंबर (हि.स.)। मांडर प्रखंड के बुढ़ाखुखरा खेल मैदान में आयोजित शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के दूसरे दिन बुधवार को छह रोमांचक मुकाबले खेले गए।
शहीद एतवा उरांव स्मारक न्यास के तत्वावधान में आयोजित टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दिन के मुकाबलों के बाद एनएफसी पोखरटोली और एसके ब्रदर्स ने क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की।
पहले मुकाबले में एनएफसी पोखरटोली ने 11 जेन जी को 3-0 से हराया। वहीं दूसरे मुकाबले में 11 स्टार सतकानंदू और ट्रेवल एफए झिंझरी के बीच निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहा। टाईब्रेकर में ट्रेवल एफए झिंझरी ने 5-4 से जीत दर्ज की। तीसरे मैच में डायमंड एफसी सरगांव ने टीवीएस शोरूम मांडर को टाईब्रेकर में 5-4 से पराजित किया। चौथे मुकाबले में एसके ब्रदर्स ने लोयो सुपर किंग को 1-0 से हराया।
दूसरे चक्र में एनएफसी पोखरटोली ने ट्रेवल एफए झिंझरी को टाईब्रेकर में 6-5 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
वहीं एसके ब्रदर्स ने डायमंड एफसी सरगांव को 1-0 से शिकस्त दी।
इससे पहले संत जेवियर कॉलेज मांडर और जय मसीह लोयो एक सितंबर को क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं। इस तरह अब तक चार टीमें अंतिम आठ में जगह बना चुकी हैं।
टूर्नामेंट के मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

