चक्रवाती तूफान अकवान के असर से झारखंड में छह डिग्री तक गिरा तापमान, बढ़ी ठंड

WhatsApp Channel Join Now
चक्रवाती तूफान अकवान के असर से झारखंड में छह डिग्री तक गिरा तापमान, बढ़ी ठंड


-23 नवंबर तक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश के आसार, 24 नवंबर से मौसम साफ होने का अनुमान-घने कुहासे से दिन में छाया अंधेरा, हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने को मजबूर हुए चालक

रांची, 21 नवंबर (हि.स.)। चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से राजधानी रांची सहित झारखंड के कई जिलों में बारिश होने के कारण तापमान में छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। तापमान गिरने से राज्य में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 23 नवंबर तक रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, 24 नवंबर से मौसम साफ होने का अनुमान है।

शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से रुक-रुककर बारिश होती रही। इस दौरान घना कुहासा छाए रहने से दिन में भी अंधेरे जैसी स्थिति बनी रही। दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर गाड़ी चलानी पड़ी।

मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी दिखा। शुक्रवार की तुलना में शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 26 डिग्री से गिरकर करीब 20.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसी तरह जमशेदपुर में अधिकतम तापमान में चार डिग्री, डाल्टनगंज में तीन डिग्री, बोकारो में दो डिग्री और चाईबासा में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान पूर्वी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में 26.7 डिग्री और सबसे कम तापमान लातेहार में 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 19.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 25 डिग्री और न्यूनतम 19.8 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 26.1 डिग्री और न्यूनतम 20.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 21.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story