राहुल दुबे गैंग के छह अपराधी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक को लगी गोली
रांची, 31 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची में कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में आदित्य कुमार राम उर्फ कुंदन, मोहित पासवान, ऋषभ कुमार, गुड्डू मिश्रा, सौरभ कुमार और जियाउल हबीब शामिल हैं। सौरभ कुमार पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया है और उसका इलाज राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में चल रहा है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से चार पिस्टल, 7.62 एमएम की आठ जिंदा कारतूस, पांच मैगजीन और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा अपराधियों के इस्तेमाल में लाई जा रही एक कार और पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, जियाउल हबीब गिरोह के सदस्यों को हथियार मुहैया कराता था।
नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा ने शनिवार को बताया कि 30 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ सदस्य कार से रिंग रोड इलाके में घूम रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कांके रिंग रोड इलाके में संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार, कारतूस, मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों का संबंध कांके, हजारीबाग के एके इंटरनेशनल होटल, उरीमारी और टंडवा में हुई फायरिंग की घटनाओं से सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, इन घटनाओं के जरिए अलग-अलग इलाकों में दहशत फैलाने की कोशिश की गई थी।
चार आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को गिरोह के एक अन्य सदस्य के सीठियो इलाके में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां छापेमारी की। इसी दौरान एक अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सौरभ कुमार के पैर में गोली लग गई। उसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से भी एक पिस्टल, कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
जांच के दौरान गिरोह को हथियार मुहैया कराने में जियाउल हबीब की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार जियाउल हबीब के खिलाफ तीन, आदित्य कुमार के खिलाफ एक, गुड्डू मिश्रा के खिलाफ चार, सौरभ कुमार के खिलाफ एक और ऋषभ कुमार के खिलाफ पहले से एक मामला विभिन्न थानों में दर्ज है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

