रातू में छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के छह आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
रातू में छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के छह आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी


रांची, 15 जुलाई (हि.स.)। रांची के रातू थाना क्षेत्र में एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, वारदात को छात्रा के साथ गए उसके परिचित युवक के दोस्तों ने अंजाम दिया। मामले में अन्य संदिग्धों की भी तलाश की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह अपने एक परिचित युवक के साथ रातू गई थी। इसी दौरान युवक के दोस्तों ने उसे बंधक बना लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना में सात से आठ लोग शामिल थे।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 12 जुलाई की है। पीड़िता ने मंगलवार (14 जुलाई) की देर शाम रातू थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी अभियान चलाया।

रांची के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी ने बुधवार को बताया कि मामले में अब तक छह आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जानकारी मिली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story