असम में बन रही है सत्ता परिवर्तन की स्थिति : शिल्पी तिर्की

WhatsApp Channel Join Now
असम में बन रही है सत्ता परिवर्तन की स्थिति : शिल्पी तिर्की


रांची, 03 अप्रैल (हि.स.)। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि असम में सत्ता परिवर्तन की स्थिति बन रही है। चाय बागान श्रमिकों के मुद्दे चुनाव के केंद्र में हैं। हाल में उनके दौरे के दौरान डिब्रूगढ़, तिनसुकिया समेत विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जन असंतोष देखने का दावा किया।

शिल्पी तिर्की शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि चाय बागान श्रमिक साफ-सुथरी और जवाबदेह सरकार चाहते हैं। कांग्रेस के नेतृत्व में विकल्प देख रहे हैं। तिर्की ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दस वर्षों में वादों के विपरीत श्रमिकों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने असम फिक्सेशन ऑफ सीलिंग ऑन लैंड होल्डिंग एक्ट, 1956 में संशोधन का जिक्र करते हुए कहा कि चाय बागानों की 10 प्रतिशत भूमि व्यावसायिक उपयोग के लिए खोली गई, जिससे श्रमिकों का विस्थापन और बेरोजगारी बढ़ी है।

काजीरंगा क्षेत्र के हाथीखुली और तिनसुकिया के दिघाल तरांग टी एस्टेट का उदाहरण देते हुए मंत्री ने भूमि हस्तांतरण और मुआवजा नहीं मिलने के आरोप लगाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव से पहले योजनाओं के जरिए धनराशि देकर मतदाताओं को प्रभावित किया जा रहा है। तिर्की ने विश्वास जताया कि जनता इस बार पारदर्शी और जनहितकारी सरकार चुनेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story