रक्षाबंधन पर बहन अंजनी सोरेन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बांधी राखी
-चचेरी बहनों और दुमका से आई बहन मति सोरेन ने भी बांधी राखी
रांची, 28 अगस्त (हि.स.)। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए भी भावनात्मक रहा। रक्षाबंधन के अवसर पर उनकी बड़ी बहन अंजनी सोरेन ने मुख्यमंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की चचेरी बहनों ने भी उन्हें रक्षा सूत्र बांधा और उत्तम एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ी बहन का स्नेहपूर्वक आशीर्वाद लिया और छोटी बहनों को स्नेह, आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन एवं श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर समस्त झारखंडवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाल जीवन की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
दुमका से रांची पहुंचीं बहन मति सोरेन ने भी बांधी राखी
रक्षाबंधन के अवसर पर दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड स्थित सीतासाल गांव से रांची पहुंचीं बहन मति सोरेन ने भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। मुख्यमंत्री ने बहन मति सोरेन को आशीर्वाद देते हुए रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।
बताया गया कि बहन मति सोरेन पिछले कई वर्षों से रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को रक्षा सूत्र बांधती आ रही हैं। इस वर्ष भी यह पारिवारिक परंपरा आत्मीय माहौल में निभाई गई।
रक्षाबंधन के इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास पर परिवार के सदस्यों के बीच स्नेह और आत्मीयता का माहौल रहा। मुख्यमंत्री ने बहनों के प्रति अपना स्नेह व्यक्त करते हुए उनके सुख, स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

