सोशल मीडिया पर होगा एसआईआर का प्रचार, डीसी चलाएंगे अभियान

WhatsApp Channel Join Now
सोशल मीडिया पर होगा एसआईआर का प्रचार, डीसी चलाएंगे अभियान


रामगढ़, 28 जून (हि.स.)। रामगढ़ जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य (एसआईआर) का प्रचार सोशल मीडिया पर किया जाएगा। रामगढ़ जिले की जनता एसआईआर में अपनी पूरी सहभागिता दें, इसके लिए प्रशासन काफी सक्रियता बरत रहा है। किसी भी स्तर पर कोई गलत और भ्रामक तथ्य लोगों तक ना पहुंचे और वह इस एसआईआर को त्रुटी रहित बनाएं, इसकी जिम्मेदारी सबकी है।

डीसी ऋतुराज खुद सोशल मीडिया पर अभियान चलाएंगे। डीसी ऋतुराज के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत जिले में व्यापक प्रचार-प्रसार और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 30 जून को जिले भर में एक वृहद् सोशल मीडिया अभियान हैशटैग झारखंड एसआइआर का आयोजन किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 30 जून को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 12:00 बजे तक विशेष सोशल मीडिया अभियान संचालित होगा। इस अभियान के दौरान फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर आधिकारिक हैशटैग झारखंड एसआइआर के साथ व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

डीसी की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के निकटतम मतदान केंद्रों पर उपस्थित होकर अथवा सोशल मीडिया अकाउंट्स के माध्यम से निर्धारित पोस्टर्स और लीफलेट्स के निर्देशों का वाचन करते हुए वीडियो और तस्वीरें साझा करें। वहीं सभी जिलावासियों से अपील है कि इस जागरूकता अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story