एसआईआर तत्काल रोककर मतदाताओं की परेशानी दूर करे केंद्र सरकार : इरफान अंसारी

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर तत्काल रोककर मतदाताओं की परेशानी दूर करे केंद्र सरकार : इरफान अंसारी


रांची, 23 सितंबर (हि.स.)। झारखंड के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को तत्काल रोकने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की है। बुधवार को जारी बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर गरीब, आदिवासी, दलित, मुस्लिम, मूलवासी और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इरफान अंसारी ने कहा कि लोग जरूरी कागजात और दस्तावेज जुटाने के लिए अपना काम-धंधा छोड़कर कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। उनके अनुसार, दस्तावेज, फॉर्म और सत्यापन की प्रक्रिया आम लोगों के लिए कठिन होती जा रही है।

मंत्री ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग से लोगों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए एसआईआर पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रक्रिया के कारण योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए।

डॉ. अंसारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर उठे सवालों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर जनता के बीच सवाल उठना लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

मंत्री ने कहा कि झारखंड में एसआईआर स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रक्रिया नहीं रोके जाने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन तेज करने की चेतावनी देते हुए उन्होंने पूरी प्रक्रिया की पारदर्शी समीक्षा की मांग की।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story