एसआईआर से आदिवासी, दलित और मजदूर परेशान : चंद्रदेव
रांची, 25 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा में एसआईआर पर चर्चा के दौरान माले विधायक चंद्रदेव महतो ने चुनाव आयोग से पूरी प्रक्रिया की समीक्षा करने की मांग की। उन्होंने विशेष सत्र के दौरान सदन की कार्रवाई के दूसरी पाली में कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है, लेकिन इसके नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। एसआईआर के तहत लाखों नागरिकों को नोटिस जारी किए जाने से विशेषकर आदिवासी, दलित और मजदूर वर्ग परेशान है।
चंद्रदेव महतो ने कहा कि मजदूरों को काम छोड़कर जरूरी दस्तावेज जुटाने और सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। वहीं, विद्यालय के शिक्षकों को शैक्षणिक कार्यों से हटाकर एसआईआर में लगाया गया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि नाम, उम्र और पूर्वजों के नाम में मामूली अंतर जैसी विसंगतियों के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। विस्थापन के कारण कई आदिवासी परिवारों के पास पुराने दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में पूर्वजों का नाम दस्तावेजों में नहीं होना मतदाता सूची से नाम हटाने का आधार नहीं बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने चुनाव आयोग से एसआईआर प्रक्रिया की समीक्षा करने और आम नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

