सिख समाज ने की ज्योति सिंह माथारू को अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष बनाने की मांग
रांची, 25 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को राज्य भर के सिख समाज के प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह माथारू के नेतृत्व में आयोजित बैठक में प्रदेश के सभी जिलों से आए सिख समाज के प्रबुद्ध और गुरुद्वारा प्रबंधकों ने अपनी समस्याओं और हक-अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय उपस्थित थे।
बैठक की शुरुआत में आयोजक और अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह माथारू ने अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह माथारू के कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि माथारू अल्पसंख्यकों, विशेषकर सिख समाज की समस्याओं को लेकर हमेशा गंभीर और संवेदनशील रहते हैं। समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और राहत को पहुंचाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।
केशव महतो कमलेश ने शिक्षा के महत्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि सिख समाज अपने बच्चों को बेहतर से बेहतर शिक्षा दिलाए,ताकि वे समाज और राज्य का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा, सिख समाज एक ऐसा स्वाभिमानी समाज है जो अपने पुरुषार्थ और बलबूते पर खड़ा है, इसे किसी औपचारिक परिचय की जरूरत नहीं है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सिख समाज की मांगों और समस्याओं को वह राज्य सरकार के समक्ष मजबूती से रखेंगे और उनका त्वरित समाधान कराने का पूरा प्रयास करेंगे।
वहीं मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने कहा कि ज्योति सिंह माथारू लगातार राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर अल्पसंख्यकों की समस्याओं का निपटारा कर रहे हैं। वे कांग्रेस पार्टी के पुराने, निष्ठावान और सच्चे सिपाही हैं,जो हर परिस्थिति में जनता के बीच खड़े रहते हैं।
अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह माथारू ने कहा कि वे अल्पसंख्यकों के अधिकार और सम्मान की लड़ाई के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने और कुर्बानी देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों की सेवा के लिए उनके दरवाजे 24 घंटे खुले हैं।
बैठक के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों और गुरुद्वारा प्रबंधकों ने सर्वसम्मति से ज्योति सिंह माथारू को झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष बनाने की पुरजोर मांग रखी। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में अल्पसंख्यक समाज सुरक्षित और सशक्त महसूस कर रहा है।
बैठक में तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के पूर्व महासचिव शैलेंद्र सिंह, साकची गुरुद्वारा के प्रधान निशांत सिंह, गुरमुख सिंह मुखी,राजेंदर सिंह चहल, अकाली दल के प्रधान रविंद्र सिंह, आनंद सलूजा, डीएस नरुला,हरपाल सिंह हीरे, सतपाल सिंह,हरचरण सिंह सिद्धू,बेरमो से गुरमीत सिंह,परमजीत सिंह सेठी सहित अन्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

