एसआई पर 10 हजार रिश्वत मांगने का आरोप, एसपी से की शिकायत

WhatsApp Channel Join Now
एसआई पर 10 हजार रिश्वत मांगने का आरोप, एसपी से की शिकायत


गुमला, 04 मई (हि.स.)। घाघरा निवासी संजय कुमार सिंह ने घाघरा थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर राहुल कुमार पासवान पर रिश्वत मांगने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए इस संबंध में सोमवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) को लिखित की है।

साथ ही उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत पत्र में संजय कुमार सिंह ने बताया कि उनके विरुद्ध घाघरा थाना कांड संख्या 82/24 के तहत एक मामला दर्ज है, जिसकी जांच एसआई राहुल कुमार पासवान कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्हें नोटिस देकर जाति प्रमाण पत्र के साथ थाना बुलाया गया था।

आरोप है कि चार मई की सुबह जब वे आवश्यक दस्तावेज लेकर थाना पहुंचे, तो एसआई ने खर्चा पानी देने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की। पीड़ित के अनुसार, आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात कहकर जब उन्होंने 3,000 रुपये देने की बात कही, तो अधिकारी भड़क गए और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनका कॉलर पकड़ लिया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि एसआई ने उन्हें जबरन थाना परिसर के अंदर ले जाकर जमीन पर बैठाया और एक सप्ताह के भीतर पैसे नहीं देने पर जेल भेजने की धमकी दी।

पीड़ित ने दावा किया है कि पूरी घटना थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।

उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में पुलिस विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story