रामनवमी की तैयारी : तपोवन मंदिर ट्रस्ट ने उपायुक्त से मांगी प्रशासनिक मदद

WhatsApp Channel Join Now
रामनवमी की तैयारी : तपोवन मंदिर ट्रस्ट ने उपायुक्त से मांगी प्रशासनिक मदद


रांची, 07 मार्च (हि.स.)। राजधानी रांची में रामनवमी के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में शनिवार को निवरणपुर स्थित श्रीराम जानकी तपोवन मंदिर ट्रस्ट के सदस्य उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मिलने समाहरणालय पहुंचे। ट्रस्ट के सदस्यों ने उपायुक्त से शिष्टाचार मुलाकात कर आगामी रामनवमी पर्व के आयोजन को लेकर चर्चा की।

मुलाकात के दौरान ट्रस्ट के सदस्यों ने उपायुक्त को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और मंदिर में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस दौरान आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन से सहयोग की भी मांग की गई।

ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने बताया कि निवरणपुर स्थित श्रीराम जानकी तपोवन मंदिर में हर साल रामनवमी के मौके पर श्रीराम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया जाता है। इस बार भी बड़े स्तर पर कार्यक्रम की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में शहर के अलावा आसपास के इलाकों से भी लोग शामिल होते हैं।

ट्रस्ट के सदस्यों ने उपायुक्त से अनुरोध किया कि रामनवमी के दिन मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन सहयोग करे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने ट्रस्ट के सदस्यों की बातों को ध्यान से सुना और भरोसा दिलाया कि रामनवमी के आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास रहेगा कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हो सकें और पूरा आयोजन सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story