श्री श्याम मंदिर में शुक्रवार को जन्माष्टमी महोत्सव, भजन संध्या में कृष्ण दाधीच होंगे आकर्षण

WhatsApp Channel Join Now
श्री श्याम मंदिर में शुक्रवार को जन्माष्टमी महोत्सव, भजन संध्या में कृष्ण दाधीच होंगे आकर्षण


रामगढ़, 03 सितंबर (हि.स.)। रामगढ़ के नेहरू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं बाबा श्याम का पावन अभिषेक श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठान सुबह से ही शुरू होंगे।

जन्माष्टमी के अवसर पर बाबा श्याम का अभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना विधि-विधान से संपन्न होगी। मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा। रात्रि में बाबा का पावन स्नान एवं दिव्य श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

महोत्सव के दौरान बनारस से पधार रहे सुप्रसिद्ध भजन गायक कृष्ण दाधीच अपने मधुर और भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देंगे। वहीं, कोलकाता के प्रतिष्ठित सत्यम ग्रुप के संगीतकार वाद्य प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे। कार्यक्रम के समापन पर भव्य आरती होगी, जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

कार्यक्रम की जानकारी ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु पोद्दार, तुलसी अग्रवाल (पिंटू), श्याम सुंदर परशुरामपुरिया, दिनेश कुमार पोद्दार और शंभु पटवारी ने संयुक्त रूप से दी। आयोजकों ने सभी श्याम भक्तों से मंदिर पहुंचकर जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story