श्रावणी मेला के पहले दिन बासुकीनाथ में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेला के पहले दिन बासुकीनाथ में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण


दुमका, 30 जुलाई (हि.स.)। राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के पहले दिन गुरुवार काे बासुकीनाथ में कुल 44,609 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया। शीघ्रदर्शनम से 1600 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया। शीघ्र दर्शनाम से 8,00,000 रुपये, गोलक से 1,89,860 और अन्य स्रोत से 1886 रुपए प्राप्त हुए। सफल संचालन को लेकर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने तारा मंदिर से बाबा बासुकीनाथ मंदिर तक संपूर्ण रूट लाइन, क्यू कॉम्प्लेक्स, संस्कार मंडप, टेंट अस्पताल, कंट्रोल रूम सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के बाद मंदिर सभागार में मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। मेला का निरिक्षण करते हुए डीसी अभिजीत कुमार ने कहा कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होगी। ऐसे में सभी विभाग पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं का सुगम जलार्पण ही जिला प्रशासन का संकल्प है और हमारी कोशिश हो कि हर श्रद्धालु यहां से अच्छी व्यवस्था का संदेश लेकर जाए।

डीसी ने तारा मंदिर ओपी में अतिरिक्त दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ताकि सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाई जा सके। उन्होंने तारा मंदिर से मुख्य मंदिर तक पूरी रूट लाइन का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कहा कि प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी श्रद्धालुओं की कतार को व्यवस्थित एवं सुगम तरीके से आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। क्यू कॉम्प्लेक्स, संस्कार मंडप, रूट लाइन और पूरे मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी जवान पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें एवं किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दें।

टेंट अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि 24 घंटे सातों दिन एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहे और इमरजेंसी के लिए स्ट्रेचर एवं सभी आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

डीसी ने कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए निगरानी व्यवस्था लगातार सक्रिय रहे और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक के दौरान डीसी ने पदाधिकारियों से उनके दायित्वों की जानकारी ली और निर्देश दिया कि व्यवस्था में जहां भी किसी प्रकार की कमी या त्रुटि हो, उसे आज रात तक हर हाल में दूर कर लिया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story