रांची मंडल में ग्रामीण डाक सेवक पर विभागीय कार्रवाई शुरू, कारण बताओ नोटिस जारी

WhatsApp Channel Join Now
रांची मंडल में ग्रामीण डाक सेवक पर विभागीय कार्रवाई शुरू, कारण बताओ नोटिस जारी


रांची, 24 अप्रैल (हि.स.) । इंडियन पोस्ट के रांची मंडल में विभागीय अनियमितता के आरोप में एक ग्रामीण डाक सेवक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

वरिष्ठ डाक अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हरदाग शाखा डाकघर में कार्यरत अजीत कुमार (जीडीएस बीपीएम) पर प्रथम दृष्टया गंभीर आरोप पाए गए हैं, जिसकी गंभीरता को देखते हुए सक्षम प्राधिकारी ने अजीत कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अथवा लिखित रूप में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है, तो मामले को एकतरफा मानते हुए नियमों के तहत कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी दोहराया कि लापरवाही और अनियमितता के मामलों में ‘शून्य सहनशीलता’ की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।

विभाग को प्राप्त शिकायतों और अभिलेखीय जांच के दौरान यह सामने आया कि संबंधित कर्मचारी ने अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती। विशेष रूप से सरकारी और अभिलेखीय डाक के विधिवत वितरण में विफलता पाई गई है, जो विभागीय कार्यप्रणाली में गंभीर त्रुटि मानी जाती है।

इसके अलावा, अजीत कुमार की ओर से निर्धारित कार्यस्थल से अनधिकृत अनुपस्थिति भी दर्ज की गई है। विभाग के अनुसार यह आचरण विभागीय सेवा नियमों का उल्लंघन है और इसे गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा गया है।

डाक विभाग ने संकेत दिया है कि यदि जांच में आरोप पुष्ट होते हैं, तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि सेवा की पारदर्शिता, जवाबदेही और जनविश्वास बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आवश्यक है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story