पशु चिकित्सालय में दवाओं की कमी से पशुपालकों की बढ़ी मुश्किलें
देवघर, 09 अप्रैल (हि.स.)। देवघर जिले के सारठ प्रखंड में पशु चिकित्सालय में दवाओं की भारी कमी के कारण पशुपालकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। लगभग तीन लाख की आबादी वाले इस क्षेत्र के पशुपालक इलाज के लिए पशु चिकित्सालय पहुंच रहे हैं, लेकिन आवश्यक दवाइयों के अभाव में उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, सारठ पशु चिकित्सालय में लंबे समय से दवाओं की अनुपलब्धता बनी हुई है, जिसके कारण पशुओं का समुचित उपचार नहीं हो पा रहा है।
वहीं पशुपालकों का कहना है कि समय पर इलाज नहीं मिलने से पशुओं की असामयिक मृत्यु तक हो रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर प्रभारी पशु चिकित्सा पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि दवाओं की कमी के कारण आए दिन किसानों के साथ वाद-विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने कहा कि दवाइयों की उपलब्धता को लेकर उच्चाधिकारियों को पत्राचार किया जा चुका है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभागीय स्तर से जल्द ही दवाइयों की आपूर्ति कराई जाएगी, जिससे पशुपालकों को राहत मिल सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

