दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि कल, बरलंगा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे प्रतिमा का अनावरण

WhatsApp Channel Join Now
दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि कल, बरलंगा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे प्रतिमा का अनावरण


रांची, 03 अगस्त (हि.स.)। झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि चार अगस्त को रामगढ़ जिले के बरलंगा स्थित लुकैयाटांड़ शहीद स्मारक परिसर में श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सुबह 11 बजे आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे शहीद स्मारक परिसर में स्थापित 15 फीट ऊंची शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण करेंगे। साथ ही राज्य के विभिन्न विकास कार्यों का ऑनलाइन शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे।

इस अवसर पर राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

रांची समाहरणालय में लगेगा रक्तदान शिविर

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर चार अगस्त को रांची समाहरणालय में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय स्थित सभी विभागों के कार्यालय प्रधानों, पदाधिकारियों और कर्मियों से स्वेच्छा से रक्तदान करने तथा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करने की अपील की है।

उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान के समान है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस मानव सेवा अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि यही दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story