आत्महत्या रोकथाम को लेकर अभियान निदेशक ने दिलाई शपथ

WhatsApp Channel Join Now
आत्महत्या रोकथाम को लेकर अभियान निदेशक ने दिलाई शपथ


आत्महत्या रोकथाम को लेकर अभियान निदेशक ने दिलाई शपथ


रांची, 10 सितंबर (हि.स.)। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर सिविल सर्जन सभागार में गुरुवार को जागरूकता कार्यक्रम और रैली का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए स्वास्थ्यकर्मियों और कर्मचारियों को आत्महत्या रोकथाम के प्रति जागरूक रहने एवं जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहने की शपथ दिलाई। शशि प्रकाश झा ने कहा कि मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए सकारात्मक सोच जरूरी है। कोई समस्या होने की जानकारी होने पर अभिभावक या आसपास के लोग संबंधित व्यक्ति की इस चुप्पी पर कायदे से बातचीत करें और निराशा को आशा में बदलने का प्रयास करें। मानसिक तनाव या परेशानी से जूझ रहे व्यक्ति को अकेले इसका सामना नहीं करने देना चाहिए। परिवार, मित्रों या चिकित्सक से समय पर अपनी परेशानियां साझा करने से संकट को कम करने में मदद मिल सकती है।

मौके पर जिला नोडल पदाधिकारी डॉ सीमा गुप्ता ने कहा कि परेशानियों और भावनाओं को साझा नहीं करना मानसिक संकट का कारण बन सकता है। उन्होंने सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने और व्यवहार में अचानक बदलाव, सामाजिक दूरी एवं लगातार निराशा जैसे संकेतों को गंभीरता से लेने की अपील की।

चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एआर मुस्ताफी ने सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के बाद स्वास्थ्यकर्मियों और एएनएमटीसी छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। जिले में 10 से 16 सितंबर 2026 तक स्कूल-कॉलेजों में अभियान चलेगा। मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 पर संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम में डॉ अमरेंद्र प्रसाद सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story