रांची में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, दो युवतियों समेत पांच लोग गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रांची में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, दो युवतियों समेत पांच लोग गिरफ्तार


रांची, 16 जून (हि.स.)। राजधानी रांची के पॉश इलाके हरमू हाउसिंग कॉलोनी में किराए के मकान से संचालित कथित सेक्स रैकेट का अरगोड़ा पुलिस ने मंगलवार को भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में दो युवतियों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रैकेट के संचालन में संलिप्त मुख्य आरोपित को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को हरमू क्षेत्र में किराए के मकान में अवैध देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद हटिया के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नीरज कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल तिवारी, डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद, महिला मजिस्ट्रेट तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल शामिल था।

पुलिस टीम ने हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित संदिग्ध मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो युवतियां और तीन युवक आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। मौके से सभी पांचों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मकान से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मकान पांकी निवासी एक व्यक्ति का है, जिसे किराए पर लेकर एक अन्य व्यक्ति कथित रूप से सेक्स रैकेट चला रहा था। जांच में यह भी पता चला है कि पश्चिम बंगाल से युवतियों को बुलाकर इस अवैध कारोबार का संचालन किया जा रहा था।

पुलिस ने छापेमारी के बाद मकान को सील कर दिया है और गिरफ्तार आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और संभावित मानव तस्करी के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपितों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मानव तस्करी और अवैध देह व्यापार से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story