रामगढ़ के बुध बाजार में देह व्यापार का भंडाफोड़, 12 लोग गिरफ्तार, भेजा गया जेल
रामगढ़ (15 मई, हि.स.)। रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिरका-अरगड्डा स्थित बुध बाजार में देह व्यापार का मामला सामने आया है, जिसमें मां और बेटी पर मिलकर इस अवैध धंधे को संचालित करने का आरोप है। पुलिस की ओर से दर्ज प्राथमिकी में इस पूरे मामले का खुलासा किया गया है।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे के बयान के आधार पर दर्ज मामले में बताया गया है कि नगर परिषद वार्ड संख्या 15 स्थित बुध बाजार में एक अधेड़ महिला अपनी बेटी के साथ मिलकर देह व्यापार का संचालन कर रही थी। दोनों अन्य जिलों और राज्यों से लड़कियों को बुलाकर ग्राहकों को उपलब्ध कराती थीं और एजेंट की भूमिका निभाती थीं।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात आरोपित मां-बेटी ने अपने घर में करीब 10 लड़कियों को बुलाया था, जो पश्चिम बंगाल, सरायकेला और रांची की रहने वाली बताई जा रही हैं। इसी दौरान लगभग 15 से 20 ग्राहक भी वहां मौजूद थे।
स्थानीय लोगों और वार्ड पार्षद नीरज पासवान को इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर घर को घेर लिया। इस दौरान सात ग्राहकों और देह व्यापार में कथित रूप से शामिल पांच महिलाओं को पकड़ लिया गया। बाद में आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान कुछ लोग और लड़कियां मौके से फरार होने में भी सफल रहे।
गिरफ्तार आरोपितों में रांची के कोकर निवासी मृत्युंजय कुमार, नामकुम तेतर टोली निवासी मोनू कुमार दास, नवादा जिले के राजापुर निवासी प्रवीण कुमार पांडे, रामगढ़ के हुहुवा निवासी सफल मुंडा, बरकाकाना के घुटवा बस्ती निवासी सुनील कुमार और तेलियातु निवासी विनोद कुमार शामिल हैं। इसके अलावा पांच महिलाओं को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि सभी 12 आरोपितों को शुक्रवार को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

