सुमित हत्याकांड की जांच के दौरान कई हिरासत में, फोन कॉल डिटेल निकाल रही पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
सुमित हत्याकांड की जांच के दौरान कई हिरासत में, फोन कॉल डिटेल निकाल रही पुलिस


रामगढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। शहर में सुमित हत्याकांड को लेकर पुलिस लगातार जांच अभियान चला रही है। पुलिस सुमित का फोन कॉल डिटेल निकाल रही है। डीएसपी हेड क्वार्टर अकरम राजा, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे और अन्य पुलिस पदाधिकारी इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में लगे हैं। सुमित अग्रवाल के साथ जुड़े लोगों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है। 28 जुलाई की रात न्यू बगीचा इलाके में हुई वारदात का खुलासा पुलिस जल्द ही कर सकती है।

पुलिस ने सुमित अग्रवाल को कुछ महीने पहले ही गांजा तस्करी के मामले में जेल भेजा था। जेल से निकलने के बाद सुमित एक अलग ही अंदाज में समाज के सामने आया। उसकी गतिविधि को लेकर झंडा चौक और शहर के अन्य इलाकों में कई चर्चाएं अब आम हो गई हैं। सबसे ज्यादा चर्चा झंडा चौक पर ब्लैक स्कॉर्पियो पर सवार लोगों की हो रही है। जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों के साथ भी सुमित का उठना बैठना था। साथ ही झंडा चौक पर 05 दिनों पूूूर्व काले रंग के स्कॉर्पियो से आए दो अज्ञात लोगों को लेकर भी लोग बातें कर रहे हैं।

पुलिस सुमित की लापता बाइक और हत्याकांड की सच्चाई का पता लगा रही है। शुक्रवार को पुलिस ने दामोदर नदी में बाइक की तलाश शुरू की है। अपराधियों ने सुमित के बाइक को कहां छुपाया है, उसका पता लगाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story