श्रावणी मेला के सातवें दिन भी बाबा नगरी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
देवघर, 05 अगस्त (हि.स.)। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के सातवें दिन बुधवार को भी बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तडके सुबह 4:09 बजे मंदिर के पट खुलते ही जलार्पण शुरू हो गया। मंगलवार देर रात से ही कांवरिये कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। गर्भगृह का द्वार खुलते ही श्रद्धालुओं की कतार तेजी से मंदिर की ओर बढ़ी। इस दौरान संस्कार मंडप, फुट ओवर ब्रिज और मंदिर परिसर पूरी तरह कांवरियों से भरा रहा और पूरा क्षेत्र 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गुंजायमान रहा।
मंगलवार की तुलना में बुधवार को श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ कमी देखी गई। हालांकि प्रशासन को उम्मीद है कि शुक्रवार से अगले मंगलवार तक कांवरियों की संख्या में फिर उल्लेखनीय वृद्धि होगी। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारी और सुरक्षा बल लगातार तैनात रहे। निकास द्वार पर कुछ समय के लिए भीड़ का दबाव बना, लेकिन प्रशासन ने स्थिति को शीघ्र ही नियंत्रित कर लिया।
इधर, कांवरिया पथ अब पूरी तरह श्रद्धालुओं से गुलजार हो चुका है। सुल्तानगंज से आने वाले कांवरियों का बाबा नगरी में लगातार प्रवेश जारी है। विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से लगाए गए सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं को विश्राम, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उन्हें यात्रा के दौरान काफी राहत मिल रही है।
श्रावणी मेला अब पूरी तरह अपने रंग में आ चुका है और कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। अनुमान है कि बुधवार को लगभग एक लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण कर पूजा-अर्चना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

