रामगढ को राज्य स्तर पर मिले 07 पुरस्कारों को किया गया वितरित
रामगढ़, 28 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए रामगढ़ जिले को प्राप्त 07 पुरस्कार मिले थे। मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशस्ति पत्र वितरण सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक ममता देवी, रोशन लाल चौधरी, निर्मल महतो, डीसी ऋतुराज, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, डीडीसी आशीष अग्रवाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष रीता देवी, सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, जिला परिषद सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों, प्रखंड प्रमुखों, जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों सहित अन्य कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ममता देवी ने सभी को राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। साथ ही उन्होंने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जलापूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर डीसी का ध्यान आकृष्ट कराया। बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि पूर्व में रामगढ़ जिला पूरे देश में अपनी पहचान बना चुका है। इसी तरह हमें निरंतर मेहनत कर रामगढ़ जिले को पुन: पूरे देश में अग्रणी बनाना है। मांडू विधायक निर्मल महतो ने डीसी सहित पूरे जिला प्रशासन की टीम की सराहना करते हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। साथ ही उन्होंने विभिन्न स्थानीय समस्याओं को लेकर उपायुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया।
डीसी ऋतुराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना राज्य सरकार की एक बहुत ही महत्वपूर्ण पहल है। जिस प्रकार इस वर्ष रामगढ़ जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है उसी प्रकार हमारा लक्ष्य होगा कि अगले वर्ष रामगढ़ जिला और भी बेहतर प्रदर्शन करें। इसके लिए पंचायती राज विभाग की ओर से जिले में किया जा रहे कार्य की हर महीने मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। पंचायत की रैंकिंग की जाएगी, वहीं जिन पंचायत की रैंकिंग अच्छी होगी उन्हें योजनाओं के क्रियान्वयन में प्राथमिकता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट जिला परिषद श्रेणी में रामगढ़ जिला को प्रथम स्थान 20 लाख रुपए और प्रशस्ति पत्र सहित अन्य क्षेत्रों को पुरस्कार दिया गया है। इसके तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया।
साथ ही जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए जिला पंचायती राज पदाधिकारी निशा कुमारी सिंह, परियोजना पदाधिकारी अजीत कुमार, परियोजना पदाधिकारी फणींद्र कुमार गुप्ता, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी विजय कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर सूरज कुमार सहित अन्य को सम्मानित किया गया। वहीं प्रखंड स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी गोला महेश्वर महतो, दुलमी वासुदेव प्रसाद, चितरपुर विनोद कुमार करमाली, प्रखंड समन्वयक 15वें वित गोला एवं चितरपुर अशोक कुमार, दुलमी पंकज कुमार, मांडू शेखर कुमार, लेखा लिपिक सह कंप्यूटर ऑपरेटर पतरातू राहुल कुमार सहित अन्य को सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

