देवघर में ब्राउन शुगर के साथ सात आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
देवघर में ब्राउन शुगर के साथ सात आरोपित गिरफ्तार


देवघर, 09 सितंबर (हि.स.)। देवघर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोहनपुर थाना क्षेत्र के जामुनिया जंगल के पास छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 17.05 ग्राम ब्राउन शुगर और 1,04,990 रुपये नकद बरामद किए हैं।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कुलदीप कुमार ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जामुनिया यात्री रोड के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की गई। छापेमारी के दौरान सात लोगों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से ब्राउन शुगर और नकदी बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरी मंडल उर्फ हरिहर मंडल, गौतम झा, राहुल कुमार, दीपू यादव, ललटन मरांडी, रंधीर यादव और विकास कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेटवर्क के साथ मादक पदार्थों की आपूर्ति के स्रोत तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

एसडीपीओ ने बताया कि देवघर में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ पिछले कुछ महीनों में कई कार्रवाई की गई है। मई में मोहनपुर क्षेत्र से 102.14 ग्राम ब्राउन शुगर और करीब 1.49 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। उस मामले में चार आरोपित गिरफ्तार हुए थे। इसके अलावा जून और जुलाई में भी अलग-अलग कार्रवाई में ब्राउन शुगर के साथ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था।

ताजा कार्रवाई में सात आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उनके संभावित सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वालों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा सहित राकेश कुमार रंज, राम कुमार साह, लक्ष्मण गौप और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।

-----------

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story