म्यूटेशन से जुड़ी शिकायतें तय समय सीमा के भीतर निपटाएं : उपायुक्त

WhatsApp Channel Join Now
म्यूटेशन से जुड़ी शिकायतें तय समय सीमा के भीतर निपटाएं : उपायुक्त


देवघर, 22 मई (हि.स.)। जिलावासियों की समस्याओं के समाधान और त्वरित निष्पादन को लेकर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया।

इस दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भू-अर्जन और मुआवजा भुगतान, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पेंशन, आवास सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए। जनता दरबार में उपायुक्त ने उपस्थित लोगों की समस्याओं को एक-एक कर सुना और आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी शिकायतों की जांच कर जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

वहीं, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पेंशन और राजस्व से जुड़े कई मामलों का ऑन स्पॉट निष्पादन संबंधित विभागों ने किया। जनता दरबार के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुनने के बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवेदनों की भौतिक जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। म्यूटेशन से जुड़े मामलों पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने अपर समाहर्ता के माध्यम से सभी अंचल अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर लंबित कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके अलावा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपाेर्ट उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि मामलों की नियमित निगरानी की जा सके।

भू-अर्जन से जुड़े मामलों के समाधान के लिए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पंचायतवार कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि समस्याओं का जल्द निष्पादन हो सके। वहीं बिजली बिल से संबंधित शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अभियंता को समय-समय पर कैंप आयोजित कर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर कार्यपालक दंडाधिकारी ओम प्रियदर्शी, एडीएसएस सरिता भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story