संजय सेठ ने किया रथ मेला में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सहायता शिविर का उद्घाटन
रांची, 15 जुलाई (हि.स.)।
दक्षिण छोटानागपुर के ऐतिहासिक रथ मेला में आनेवाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सहायता के लिए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ की ओर से स्थापित सहायता शिविर का बुधवार को उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रथ मेला आस्था, संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र है तथा यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यह विशेष सहायता शिविर लगाया गया है। संजय सेठ ने बताया कि शिविर में संजय सेठ सहायता समूह के लगभग 200 कार्यकर्ता पूरे मेला अवधि के दौरान सेवा कार्य में जुटे रहेंगे।
कार्यकर्ता श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन, आवश्यक सहायता तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। शिविर में प्राथमिक चिकित्सा की भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि किसी श्रद्धालु की तबीयत खराब होने या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल सहायता प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है और मेला में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु तक हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शिविर को पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा। कार्यक्रम में रांची की महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, भाजपा महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, महामंत्री बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, राजू सिंह, मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, उमेश तिवारी, पार्षद सुचिता रानी, अवधेश ठाकुर, राजेश पोटक, कन्हैया सिंह, कामेश्वर सिंह, चंदन पटेल, रामजी प्रसाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

