कांग्रेस विधायक की नाबालिग से दुष्कर्म मामले में हो अविलंब गिरफ्तारी : संजय सेठ

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस विधायक की नाबालिग से दुष्कर्म मामले में हो अविलंब गिरफ्तारी : संजय सेठ


रांची, 13 नवंबर (हि.स.)। रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ ने नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज होने के बाद संजय सेठ ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि नाबालिग के साथ इस तरह की गंभीर घटना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। मामले में एक जनप्रतिनिधि का नाम सामने आना लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक विश्वास को झकझोरने वाला है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या झारखंड में आदिवासी बेटियों की सुरक्षा की गारंटी नहीं है और क्या सत्ता में बैठे लोगों के लिए कानून के अलग मापदंड हैं। सेठ ने कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है।

आदिवासी बेटियों की सुरक्षा और पीड़िता को न्याय दिलाना सरकार का नैतिक दायित्व है। सत्ता का संरक्षण किसी आरोपित को कानून से बचा नहीं सकता। संजय सेठ ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, आरोपित विधायक की तत्काल गिरफ्तारी और जांच में किसी भी तरह के राजनीतिक हस्तक्षेप पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने पीड़िता और उसके परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत त्वरित न्याय सुनिश्चित करने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776735 Articles

Share this story