भामाशाह जयंती पर फाउंडेशन ने किया बेटी के विवाह में सहयोग

WhatsApp Channel Join Now
भामाशाह जयंती पर फाउंडेशन ने किया बेटी के विवाह में सहयोग


रामगढ़, 23 अप्रैल (हि.स.)। दान, त्याग और समाजसेवा की परंपरा को जीवंत करते हुए रामगढ़ में भामाशाह जयंती पर एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है। भामाशाह के आदर्शों से प्रेरित होकर भामाशाह फाउंडेशन के अध्यक्ष सह समाजसेवी अमित साहू ने एक जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में सहयोग कर मानवता का सशक्त उदाहरण पेश किया।

रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सुगिया निवासी परिवार के लिए यह सहयोग किसी वरदान से कम नहीं रहा। दुर्गा प्रसाद (काल्पनिक नाम) की पुत्री पूजा कुमारी के विवाह को लेकर भामाशाह फाउंडेशन की ओर से आवश्यक घरेलू सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस सहयोग में ड्रेसिंग टेबल, डाइनिंग टेबल, कुर्सियां, चावल, खाद्य तेल और अन्य जरूरी सामान शामिल थे, जिससे परिवार को विवाह आयोजन में बड़ी राहत मिली।

इस अवसर पर अमित साहू ने कहा कि भामाशाह केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नाम नहीं हैं, बल्कि त्याग, स्वामीभक्ति और राष्ट्रसेवा के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने याद दिलाया कि भामाशाह ने मेवाड़ की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण धन महाराणा प्रताप को समर्पित कर दिया था। यही भावना आज भी समाज को जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित करती है। अमित साहू ने बताया कि उनकी संस्था का लक्ष्य 100 जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग करना है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। यह पहल न केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित है, बल्कि समाज में सहानुभूति और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करती है।

कार्यक्रम के दौरान ज्ञान महिला समिति के संस्थापक विनोद जायसवाल सहित कई गणमान्य लोगों ने इस कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और दूसरों को भी आगे आने के लिए प्रेरित करते हैं। लाभान्वित परिवार के सदस्यों ने भावुक होते हुए कहा कि भामाशाह जयंती के दिन मिला यह सहयोग उनके लिए सौभाग्य की बात है। उनके अनुसार, यह मदद सिर्फ सामान नहीं, बल्कि सम्मान और संबल भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story