सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम को मिला सेवा वाहन

WhatsApp Channel Join Now
सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम को मिला सेवा वाहन


रांची, 20 जुलाई (हि.स.)। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम, पुंदाग (सत्य प्रेम सभागार) में मानव सेवा कार्यों के विस्तार के उद्देश्य से सोमवार को सेवा वाहन समर्पित किया गया। बाबा एग्रो फूड लिमिटेड के निदेशक मनीष कुमार साहु के सौजन्य से उपलब्ध कराए गए इस वाहन का लोकार्पण संत शिरोमणि श्री श्री 108 स्वामी सदानंद जी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार और श्रीफल फोड़कर किया।

इस अवसर पर स्वामी सदानंद जी महाराज ने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। समाज के निराश्रित, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य है तथा यह सेवा वाहन आश्रम की मानवीय गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने मनीष कुमार साहु एवं उनकी धर्मपत्नी राखी साहु के सेवा भाव की सराहना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।

ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि सेवा वाहन का उपयोग आश्रम में रह रहे निराश्रितजनों के आवागमन, ज़रूरतमंदों की मदद, चिकित्सा एवं अन्य आपात सेवाओं, सेवा सामग्री के परिवहन तथा विभिन्न सामाजिक और मानवीय गतिविधियों के संचालन में किया जाएगा। इससे आश्रम की सेवा गतिविधियों की गति और दक्षता दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, विजय अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, पंकज पोद्दार, रंजीत गाड़ोदिया, मनीष साहु, संजय सर्राफ सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story