रांची में 1.86 लाख पेंशन लाभुकों के खाते में पहुंची सितंबर की राशि, 18.66 करोड़ का भुगतान
रांची, 05 सितंबर (हि.स.)। जिला में सर्वजन पेंशन योजना के तहत सितंबर महीने की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, प्रथम चरण में जिले के एक लाख 86 हजार 669 पेंशन लाभुकों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से एक-एक हजार रुपये की राशि भेजी गई है। इसके तहत कुल 18 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपये का भुगतान किया गया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर लाभुकों के खातों में पेंशन की राशि हस्तांतरित की गई।
जिला में सितंबर महीने के लिए मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत सबसे अधिक एक लाख 85 हजार 894 लाभुकों को पेंशन दी गई है। वहीं, मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना के 318 लाभुकों, मुख्यमंत्री राज्य एचआईवी /एडस पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना के 454 लाभुकों और मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत तीन ट्रांसजेंडर लाभुकों के खातों में भी पेंशन की राशि भेजी गई है।
प्रशासन के मुताबिक, पेंशन राशि सीधे लाभुकों के बैंक खाते में डीबीटी के जरिए भेजी गई है। इससे लाभुकों को पेंशन की राशि प्राप्त करने के लिए किसी कार्यालय या अन्य माध्यम पर निर्भर नहीं होना पड़ेगा। सितंबर महीने की राशि के भुगतान के बाद अब उन लाभुकों पर प्रशासन का फोकस है, जिनके खातों में पेंशन की राशि नहीं पहुंच सकी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों के बैंक खाते में सितंबर महीने की पेंशन राशि का भुगतान नहीं हुआ है, उन्हें अपने बैंक खाते से आधार सीडिंग कराना अनिवार्य है। आधार सीडिंग नहीं होने की स्थिति में डीबीटी के माध्यम से राशि के हस्तांतरण में परेशानी हो सकती है। प्रशासन ने ऐसे लाभुकों से अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है, ताकि उन्हें सर्वजन पेंशन योजना का लाभ लगातार मिलता रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

