जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए कर्मियों को मिली तकनीकी मॉड्यूल की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए कर्मियों को मिली तकनीकी मॉड्यूल की जानकारी


रामगढ़, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के सफल संचालन को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीसी सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी ऋतुराज की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जनगणना से जुड़े पदाधिकारियों और कर्मियों को विभिन्न प्रक्रियाओं और तकनीकी मॉड्यूल की जानकारी दी गई।

डीसी ऋतुराज ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इससे प्राप्त आंकड़े देश की जनसंख्या, सामाजिक परिस्थितियों और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को जनगणना कार्य में सटीकता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही आपसी समन्वय के साथ निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 26 और 27 अक्टूबर को सभी चार्ज पदाधिकारियों और सहायक चार्ज पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को जिले के सभी तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के प्रथम दिन जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड के उपनिदेशक केश्या नायक ने जनगणना की परिचालन प्रक्रिया, प्रशासनिक पदाधिकारियों और लिपिकों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों की जानकारी दी। इसके अलावा सीएमएमएस के पीई मॉड्यूल के अंतर्गत एनेुमरेशन ब्लॉक गठन, प्रशिक्षण प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स और डैशबोर्ड के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को सब-एनेुमरेशन ब्लॉक के सीमांकन, लेआउट मैप तैयार करने, संक्षिप्त गृह सूची और चार्ज रजिस्टर निर्माण की प्रक्रिया भी समझाई गई।

कार्यक्रम में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी शंकर प्रसाद सिंह, जिला समन्वयक शिवालिका सुंदरम सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी

उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767272 Articles

Share this story