मांगे नहीं मानने पर नगर निगम के खिलाफ आंदोलन करेगी सोसाइटी
रांची, 01 अक्टूबर (हि.स.)। एचईसी सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में गुरुवार को धुर्वा सेक्टर-3 स्थित गोलचक्कर मैदान में आमसभा का आयोजन किया गया। मंगल शर्मा की अध्यक्षता में हुई सभा में सीनियर सिटीजन और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई। इसमें दो टूक कहा गया कि सीनियर सिटीजन की चार मांगें नहीं मानी गई तो सोसायटी जल्द आंदोलन करेगी।
आमसभा को संबोधित करते हुए लालदेव सिंह ने कहा कि सोसाइटी के प्रतिनिधिमंडल ने 31 अगस्त 2026 को रांची नगर निगम आयुक्त, मेयर और उपमेयर से मुलाकात कर चार प्रमुख मांगों को पूरा करने का आग्रह किया था। इनमें सीठियो श्मशान घाट पर शवदाह की निर्धारित दर सूचना-पट पर प्रदर्शित करना, रांची से धुर्वा गोलचक्कर तक नगर निगम की बस सेवा पूर्व की तरह पुनः शुरू करना, आवारा कुत्तों को पकड़कर आश्रय गृह पहुंचाना एवं विभिन्न स्थानों पर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराना शामिल है।
उन्होंने कहा कि एक माह बीतने के बावजूद मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने 29 सितंबर 2026 को पुनः नगर निगम आयुक्त, मेयर और उपमेयर को मांग पत्र सौंपकर समस्याओं का अविलंब समाधान करने का आग्रह किया। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो रांची नगर निगम के खिलाफ जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
आमसभा में हरिनारायण पंडित, दशरथ महतो, राघो प्रसाद, बच्चा सिंह, बीडी सिन्हा, एडी भगत, भरत सिंह सहित कई अन्य सीनियर सिटीजन मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

