भाजपा ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर किया विचार गोष्ठी का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर किया विचार गोष्ठी का आयोजन


भाजपा ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर किया विचार गोष्ठी का आयोजन


रामगढ़, 04 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की रामगढ़ जिला इकाई के तत्वावधान में शनिवार को राधा गोविंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में जिला स्तरीय डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विद्यार्थियों ने भाग लेकर डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और भाजपा प्रदेश मंत्री सरोज सिंह ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल राजनेता नहीं, बल्कि भारतीय राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय एकता के महान पुरोधा थे। उन्होंने कहा कि देश की अखंडता के लिए डॉ मुखर्जी ने अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। लियाकत-नेहरू समझौते के विरोध में उन्होंने केंद्रीय मंत्री पद छोड़ा और जम्मू-कश्मीर की परमिट व्यवस्था का विरोध करते हुए गिरफ्तारी दी।

प्रदेश मंत्री ने कहा कि डॉ मुखर्जी का उद्घोष एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे, आज भी राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने और भारतीय संविधान के पूर्ण रूप से लागू होने से डॉ मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि मिली है।

विशिष्ट अतिथि और बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे डॉ मुखर्जी के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाएं। उन्होंने आगामी पंचायत चुनाव में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।

वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि 23 जून (बलिदान दिवस) से 06 जुलाई (जयंती) तक जिले के विभिन्न मंडलों और बूथों पर विचार गोष्ठी, पुष्पांजलि, संगोष्ठी और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि बूथ स्तर तक संगठन सक्रिय है और प्रत्येक समर्थक मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गोष्ठी में जिला मीडिया और सोशल मीडिया प्रभारियों सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं कॉलेज विद्यार्थी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story