स्वस्थ मिट्टी और संतुलित पोषण से ही टिकाऊ कृषि संभव : शशांक

WhatsApp Channel Join Now
स्वस्थ मिट्टी और संतुलित पोषण से ही टिकाऊ कृषि संभव : शशांक


देवघर, 19 नवंबर (हि.स.)। झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा सह खेत बचाओ अभियान के तहत कृषि विज्ञान केंद्र देवघर एवं कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा), देवघर के संयुक्त तत्वावधान में सारठ प्रखंड की जमुआ सोल पंचायत में कृषक प्रशिक्षण, क्षेत्र परिभ्रमण एवं बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से महिला आदिवासी कृषकों को कृषि की आधुनिक एवं प्राकृतिक तकनीकों की जानकारी दी गई।

इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र की प्रमुख डॉ. पूनम सोरेन एवं प्रखंड तकनीकी प्रबंधक सह प्रखंड कृषि पदाधिकारी शशांक शेखर ने किसानों को मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और फसल उत्पादन बढ़ाने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान शशांक शेखर ने कहा कि स्वस्थ मिट्टी और संतुलित पोषण ही टिकाऊ कृषि का आधार है। स्वस्थ पौधों के बेहतर विकास के लिए नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश जैसे प्रमुख पोषक तत्वों की संतुलित मात्रा मिट्टी में देना आवश्यक है। मिट्टी की आवश्यकता के अनुसार पोषक तत्वों का उपयोग करने से फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में वृद्धि होती है।

वहीं प्रशिक्षकों ने किसानों को रासायनिक खादों पर निर्भरता कम करने और जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जैविक खेती से मिट्टी की गुणवत्ता और उसकी प्राकृतिक उर्वरता को लंबे समय तक बनाए रखने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को कृषि संबंधी व्यावहारिक जानकारी देने के साथ बीज का वितरण भी किया गया।

मौके पर कई महिला एवं पुरुष किसान उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780095 Articles

Share this story