हड़ताल पर गए पतरातू लेक रिजॉर्ट के सिक्योरिटी गार्ड्स

WhatsApp Channel Join Now
हड़ताल पर गए पतरातू लेक रिजॉर्ट के सिक्योरिटी गार्ड्स


रामगढ़, 06 मई (हि.स.)। पर्यटन विभाग का बेहद महत्वपूर्ण स्थल पतरातू लेक रिजॉर्ट की सुरक्षा पर संकट छा गया है। बकाया वेतन की मांग को लेकर यहां तैनात 41 सिक्योरिटी गार्ड्स हड़ताल पर चले गए हैं। सिक्योरिटी गार्ड्स के वेतन की मांग को लेकर विवाद इस कदर गहरा गया है कि कर्मियों ने अपना काम ही बंद कर दिया। जानकारी के अनुसार पतरातू लेक रिजॉर्ट के आइलैंड, पर्यटन विहार, सरोवर विहार और बोट क्लब जैसे प्रमुख स्थलों पर कुल 41 सिक्योरिटी गार्ड तैनात किए गए हैं।

पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण परेशान सिक्योरिटी गार्ड्स ने अब श्रम विभाग का दरवाजा खटखटाया है। उन लोगों ने श्रम आयुक्त से लिखित शिकायत की और न्याय की गुहार लगाई है।

सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि वह सभी जेटीडीसी के अंतर्गत कमांडो सिक्योरिटी एजेंसी के माध्यम से कार्यरत हैं। उन्हें फरवरी 2026 से अब तक का वेतन नहीं मिला है। जिनके कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, परिवार का भरण पोषण और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं।

सुरक्षा कर्मियों ने समय पर वेतन भुगतान नहीं करने, साप्ताहिक अवकाश नहीं देने, बिना कारण बताएं काम से हटाने का भी आरोप लगाया है। इसलिए वे सभी एकजुट होकर आंदोलन कर रहे हैं। पतरातू लेक रिजॉर्ट की सुरक्षा में लगे कर्मी तीन शिफ्ट में काम करते हैं। उनके हड़ताल पर चले जाने के कारण इस रिजॉर्ट की सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story