पूजा पंडालों में सुरक्षा के हों इंतजाम, पुलिस रहेगी अलर्ट : एसडीओ

WhatsApp Channel Join Now
पूजा पंडालों में सुरक्षा के हों इंतजाम, पुलिस रहेगी अलर्ट : एसडीओ


रामगढ़, 06 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के सभी पूजा पंडालों में दुर्गा पूजा के दौरान भारी भीड़ उमड़ती है। उन स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। पूजा समितियों को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग रहेगा। यह बातें रामगढ़ थाने में आयोजित शांति समिति की बैठक में एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की ने कही। उन्होंने बैठक में सबसे पहले सभी पूजा समिति के प्रतिनिधियों से उनकी समस्या जानी। साथ ही जिला प्रशासन और पुलिस से उन्हें क्या सहयोग चाहिए, इसके बारे में भी बात की। यातायात व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल आपूर्ति, सफाई और सीसीटीवी कैमरे के मुद्दे पर सभी पूजा समितियों को विशेष निर्देश दिए गए। साथ ही निर्धारित तिथि के दिन ही प्रतिमा का विसर्जन करने का निर्देश दिया गया।

इस दौरान कोर्ट के निदेशक अनुसार डीजे पर प्रतिबंध होने की बात भी कही गई। एसडीओ ने यह भी कहा कि रामगढ़ शहर में होने वाली भीड़ और लगने वाले जाम की समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। सड़कों को वन-वे किया जाएगा। साथ ही शहर से कनेक्टिंग सड़कों पर ट्रैफिक बढ़ाई जाएगी, ताकि बेवजह रामगढ़ शहर का मुख्य मार्ग जाम ना हो।

छावनी परिषद के अधिकारियों को साफ सफाई का ध्यान रखने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा बिजली विभाग को भी तार को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है। सभी पूजा समितियों को अपने वॉलिंटियर्स को रेडी रखने को कहा गया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। सबसे बड़ी समस्या पूजा पंडालों के आसपास पार्किंग को लेकर होने वाली है। इसके लिए पहले से ही पूजा समितियों को स्थान चयनित करने का निर्देश दिया गया है। फोर व्हीलर और टू व्हीलर की पार्किंग पर ध्यान देने की बात कही गई है।

एसडीओ ने बताया कि हर बार की भांति इस बार भी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन शांतिपूर्ण तरीके से दशहरा संपन्न करने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी पूजा पंडालों के पास दंडाधिकारी और पुलिस की मौजूदगी रहेगी। रावण दहन जिन स्थानों पर होगा वहां भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस की मौजूदगी रहेगी। किसी को भी आपत्तिजनक टिप्पणी करने और शांति भंग करने की इजाजत नहीं है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस प्रशासन की निगाह रहेगी। अगर कहीं भी कुछ गलत हो रहा है तो तत्काल पुलिस और जिला प्रशासन को अवगत कराएं। उन्हाेंने कहा

कि कोई भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में ना ले।

बैठक में रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन, डीएसपी हेडक्वार्टर अकरम रज़ा, रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पांडे, नगर परिषद के उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story