जेईई एडवांस परीक्षा को लेकर रांची में निषेधाज्ञा लागू
रांची, 16 मई (हि.स.)। जेईई (एडवांस) परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने शनिवार को परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश 17 मई 2026 की सुबह 06 बजे से रात 9.30 बजे तक प्रभावी रहेगा।
जिला प्रशासन के अनुसार रांची के दो परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में बीएनएसएस की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। प्रशासन को आशंका है कि असामाजिक तत्व भीड़ लगाकर विधि-व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर सकते हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के तहत दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए परीक्षा के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने की बात कही है।
निषेधाज्ञा के दौरान पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग, हथियार लेकर चलने और किसी प्रकार की सभा या बैठक आयोजित करने पर रोक रहेगी। हालांकि सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को इससे छूट दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

