कंबाइंड मेडिकल सर्विस परीक्षा-2026 को लेकर रांची के तीन केंद्रों पर निषेधाज्ञा लागू

WhatsApp Channel Join Now
कंबाइंड मेडिकल सर्विस परीक्षा-2026 को लेकर रांची के तीन केंद्रों पर निषेधाज्ञा लागू


रांची, 01 अगस्त (हि.स.)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से आयोजित कंबाइंड मेडिकल सर्विस (सीएमएस)-2026 परीक्षा के कदाचारमुक्त संचालन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने 02 अगस्त को तीन परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश सुबह 6:30 बजे से शाम सात बजे तक प्रभावी रहेगा।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक,रांची के संयुक्त आदेश पर परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन को आशंका है कि असामाजिक तत्व परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ जुटाकर विधि-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास कर सकते हैं। इसे देखते हुए सदर अनुमंडल दंडाधिकारी ने बीएनएसएस की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है।

आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने,ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, किसी भी प्रकार के आग्नेयास्त्र या पारंपरिक हथियार लेकर चलने तथा बैठक, प्रदर्शन या आमसभा आयोजित करने पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, सरकारी कार्य में प्रतिनियुक्त अधिकारियों-कर्मचारियों तथा शवयात्रा को इससे छूट दी गई है।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं आम नागरिकों से परीक्षा के दौरान जारी निर्देशों का पालन करने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की अपील की है,ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story