प्रभात मेहता हत्याकांड में दूसरा आरोपित हरियाणा से गिरफ्तार
पलामू, 06 अगस्त (हि.स.)। जिले के पाटन थाना क्षेत्र के चर्चित प्रभात कुमार मेहता अपहरण और हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में फरार चल रहे आरोपित धर्मेंद्र कुमार (23) को हरियाणा के जगाधरी से गिरफ्तार किया गया है। गुरूवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 25 जुलाई को ठाकुर दयाल मेहता ने अपने पुत्र प्रभात कुमार मेहता के अपहरण की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि राहुल राम अपने साथियों के साथ बाइक से प्रभात का अपहरण कर ले गया। इस आधार पर पाटन थाना में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
जांच के दौरान 26 जुलाई को पुलिस ने सूचना के आधार पर ग्राम पांडेयपुरा करोरिया स्थित एक अधनिर्मित मकान से प्रभात कुमार मेहता का शव बरामद किया था। मामले में मुख्य आरोपित राहुल कुमार उर्फ राहुल राम उर्फ राहुल चंद्रवंशी को 29 जुलाई को बेंगुलुरू से गिरफ्तार कर 01 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में धर्मेंद्र कुमार को हरियाणा के जगाधरी से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार धर्मेन्द्र ने घटना के समय पहरेदारी की थी। गिरफ्तार आरोपित के पास से मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पाटन थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध पहले से भी पाटन थाना में मामला दर्ज है। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार

