झारखंड में भीषण गर्मी का कहर, डाल्टनगंज में पारा 44.8 डिग्री तक पहुंचा, कई ज़िलों के लिए लू का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में भीषण गर्मी का कहर, डाल्टनगंज में पारा 44.8 डिग्री तक पहुंचा, कई ज़िलों के लिए लू का अलर्ट


झारखंड में भीषण गर्मी का कहर, डाल्टनगंज में पारा 44.8 डिग्री तक पहुंचा, कई ज़िलों के लिए लू का अलर्ट


रांची, 24 मई (हि.स.)। झारखंड में इन दिनों भीषण गर्मी और तेज धूप ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में तापमान लगातार बढ़ रहा है। राज्य के कई जिलों में गर्म हवाओं और लू का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

मौसम विभाग ने 25 और 26 मई को राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों गढ़वा, पलामू और चतरा में हीट वेव यानी लू चलने को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और तेज धूप से बचने की अपील की है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में सबसे कम तापमान गोड्डा में 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं इस दौरान सबसे अधिक 6.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि, बारिश का असर गर्मी पर ज्यादा नहीं दिखा और अधिकांश जिलों में उमस और गर्म हवाओं का प्रकोप बना रहा।

रविवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से मौसम साफ रहा, जबकि दोपहर बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहे। बादलों की मौजूदगी से लोगों को कुछ हद तक गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन उमस बनी रही।

राज्य के प्रमुख शहरों का तापमान भी सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री और न्यूनतम 29.1 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 44.8 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 40.5 डिग्री और न्यूनतम 28.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 40.4 डिग्री और न्यूनतम 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story