रांची में गृहरक्षक से स्कूटी लूट मामले में दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रांची में गृहरक्षक से स्कूटी लूट मामले में दो आरोपित गिरफ्तार


रांची, 06 जून (हि.स.)। चुटिया थाना क्षेत्र के पंचवटी चौक के पास गृहरक्षक से स्कूटी लूट के मामले में रांची पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से लूटी गई स्कूटी, घटना में प्रयुक्त चाकू तथा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 25 मई 2026 की रात करीब 2:30 बजे दो अज्ञात अपराधियों ने स्कूटी सवार गृहरक्षक गणेश राम पर चाकू से हमला कर उनकी स्कूटी लूट ली थी। घटना के समय गणेश राम सादे कपड़ों में थे, जबकि उनकी वर्दी स्कूटी की डिक्की में रखी हुई थी।

वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने उन्हें पंचवटी चौक स्थित काली मंदिर के सामने सड़क पर छोड़ दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुखेदव गंझू और अभिषेक मुंडा के रूप में हुई है, जो सोनाहातु थाना क्षेत्र के चौकाहातु गांव के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने लूटी गई स्कूटी में बदलाव कर उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी थी और उसका इस्तेमाल कर रहे थे।

पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूटी गई स्कूटी, घटना में प्रयुक्त चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story