अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
रामगढ़, 12 जून (हि.स.)। जिले में 12 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी अभी से शुरू हो गई है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और झारखण्ड शिक्षा परियोजना परिषद् के दिशा-निर्देश पर अभी से ही शारीरिक शिक्षक योगाभ्यास शुरू कर चुके हैं। योग दिवस की व्यापक तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय के परिसर में जिला स्तरीय योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में जिले के सभी प्रखंडों से चयनित दो-दो शारीरिक शिक्षकों ने भाग लिया।
शिविर के दौरान पतंजलि के विख्यात योग प्रशिक्षक रजनीकांत राठौड़ और सीमा कुमारी ने उपस्थित सभी शारीरिक शिक्षकों को योग की विभिन्न बारीकियों से अवगत कराया। प्रशिक्षकों ने सामूहिक रूप से आसन, प्राणायाम और सूर्य-नमस्कार जैसी महत्वपूर्ण योग विधाओं का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया ताकि, ये शिक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर छात्र-छात्राओं और स्थानीय जनसमूदाय को पूर्ण शुद्धता के साथ योग का अभ्यास करा सकें।
इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना साझा करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों में योगमय झारखंंड 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस वृहद अभियान को सुचारू रूप से धरातल पर उतारने के लिए समयबद्ध प्रशिक्षण रूपरेखा तैयार की गई है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

