झारखंड में भीषण गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला, 21 अप्रैल से लागू होगा नया शेड्यूल

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में भीषण गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला, 21 अप्रैल से लागू होगा नया शेड्यूल


रांची, 20 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड में बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों के समय में बदलाव करने का निर्णय लिया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार अब सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों में कक्षाएं सुबह के समय संचालित की जाएंगी।

नए आदेश के मुताबिक, केजी से कक्षा 8वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक चलेंगी। वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल का समय सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।

सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक और गैर-शिक्षक कर्मचारियों का कार्य समय सुबह 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक रहेगा।

विभाग की ओर से जारी यह आदेश 21 अप्रैल से पूरे राज्य में प्रभावी होगा। इसकी प्रति सभी जिलों को भेज दी गई है, ताकि निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

सरकार का यह निर्णय छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि तेज धूप और गर्मी से उन्हें बचाया जा सके।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story