झारखंड में भीषण गर्मी के बीच अभिभावक संघ ने की स्कूलों के समय में बदलाव या छुट्टी घोषित करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में भीषण गर्मी के बीच अभिभावक संघ ने की स्कूलों के समय में बदलाव या छुट्टी घोषित करने की मांग


रांची, 19 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड में बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए झारखंड अभिभावक संघ ने विद्यालयों के समय में बदलाव या अवकाश घोषित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में संघ ने शिक्षा विभाग को ईमेल के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपा है।

संघ के अध्यक्ष अजय राय ने रविवार को बताया कि सरकार से अनुरोध किया गया है कि सभी स्कूलों का समय तत्काल बदलकर सुबह 6:30 बजे से 10:30 बजे तक कर दिया जाए। यदि ऐसा संभव नहीं हो, तो बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी घोषित की जाए।

उन्होंने यह भी मांग की कि जिन जिलों में गर्मी का प्रभाव अधिक है, वहां कुछ दिनों के लिए अवकाश घोषित किया जाए और स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर निर्णय लेने का अधिकार जिला प्रशासन को दिया जाए। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि शिक्षा मंत्री, झारखंड सरकार और रांची के उपायुक्त को भी भेजी गई है।

अजय राय ने कहा कि राज्य के अधिकांश जिलों में लगातार बढ़ते तापमान से जनजीवन प्रभावित हो रहा है, खासकर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका गंभीर असर पड़ रहा है। बच्चों में डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और अत्यधिक थकान जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।

उन्होंने चेतावनी दी कि दोपहर की भीषण गर्मी में बच्चों को स्कूल भेजना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए सरकार को जल्द इस दिशा में ठोस निर्णय लेना चाहिए।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story