झारखंड में सरकार की योजनाएं बनी भ्रष्टाचार का पर्याय : सुदेश
रांची, 10 जनवरी (हि.स.)। राज्य की मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गयी है। सरकार की हर योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती जा रही है। इस सरकार ने युवाओं के साथ वादख़िलाफ़ी की है। किसी भी विषय पर सरकार सम्पूर्ण समाधान का रास्ता नहीं निकाल सकी है। नौकरी और नियोजन पर सरकार पूर्णतः फेल है। लाखों रिक्त पदों पर पारदर्शी नियुक्ति का रोड मैप सरकार के पास नहीं है।
यह बातें आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने बुढमू के तिरु फॉल में आयोजित पार्टी के कांके विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में कही।
उन्होंने कहा कि राज्य में पलायन, रोजगार, नियोजन, कानून व्यवस्था हर पहलू पर सरकार विफल हो गयी है। सरकार अपना एक भी वादा पूर्ण नहीं कर सकी है। युवाओं के सपनों को सरकार ने मारा है। विस्थापन और पुनर्वास जैसे विषयों पर भी सरकार गंभीर नहीं दिखती है। छात्रों को छात्रवृति का पैसा भी सरकार नहीं दे सकी है।
सुदेश ने कहा कि अंचल कार्यालय से लेकर पुलिस थाने तक प्रशासनिक कार्य का स्तर निम्न हुआ है। अनैतिक और अवैध कार्य सरकारी महकमे की पहचान बन गई है। झारखंड के नौकरशाही का स्तर बहुत निम्न स्तर पर पहुंच चुका है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनमुद्दों पर संघर्ष को तेज करने का आह्वान किया।
हर बूथ में तैयार होंगे वैचारिक कार्यकर्ता: देवशरण
कार्यक्रम में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने कहा की पार्टी ने बूथ स्तर पर वैचारिक कार्यकर्ताओं की फौज को तैयार करने की तैयारी पूरी कर ली है। पार्टी सभी 81 विधानसभा में बूथ स्तर पर कार्यकर्ता को तैयार कर रही है। पार्टी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेगी।
पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी ने कहा कि झारखंड बनाने का दर्द आजसू जानती है। आजसू ही झारखंड को संवारेगी। हम झारखंड को मजबूत विपक्ष के रूप में अपना नेतृत्व देंगे। पार्टी पार्टी के महासचिव संजय मेहता ने कहा कि हेमंत सरकार में विजन और रोडमैप का अभाव है। हर जिले में भ्रष्टाचार चरम पर है। युवा शक्ति को एकजुट होकर झारखंड में बदलाव के लिए एक बड़ी लड़ाई की तैयारी करनी होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सत्यनारायण मुंडा ने की।
मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष, निर्मला भगत, जिला परिषद सदस्य संजय महतो, मोजिबुल रहमान, पूर्व जिला उपाध्यक्ष पार्वती देवी, डॉ अमित साहू, नागेश्वर महतो सहित कई पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

