जेपीएससी नियुक्ति प्रक्रिया पर सुप्रीम कोर्ट की चिंता जताना गंभीर : देवेन्द्रनाथ

WhatsApp Channel Join Now
जेपीएससी नियुक्ति प्रक्रिया पर सुप्रीम कोर्ट की चिंता जताना गंभीर : देवेन्द्रनाथ


रांची, 25 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी-जेएसएससी की भर्ती व्यवस्था में सुधार और कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों की भर्ती सुधार यात्रा मंगलवार को हजारीबाग पहुंची।

रामगढ़ के नेमार से शुरू हुई यात्रा चतरा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए गिद्धौर, कटकमसांडी सहित कई स्थानों से गुजरी। इस दौरान छात्रों ने जनसभाओं के माध्यम से युवाओं और अभिभावकों को भर्ती व्यवस्था में सुधार की जरूरत को लेकर जागरूक किया।

मौके पर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर सुप्रीम कोर्ट की ओर से चिंता जताया जाना गंभीर विषय है। सरकार को युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी नियुक्ति व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ‘भर्ती सुधार यात्रा’ का उद्देश्य पूरे राज्य में छात्रों और अभिभावकों को जागरूक कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही की मांग को मजबूत करना है। यात्रा में मनोज यादव, पूजा महतो, उदय मेहता, प्रेम नायक, रामावतार महतो, अयुब अली, विनय मेहता और राजेश प्रसाद समेत बड़ी संख्या में छात्र सहित अभिभावक शामिल रहे। यात्रा बुधवार को कोडरमा पहुंचेगी।

देर शाम यात्रा हजारीबाग के गांधी मैदान पहुंची, जहां छात्रों और अभिभावकों की जुटान हुई। यहां से प्रतिभागियों ने मानव शृंखला बनाते हुए कोरा चौक तक मार्च किया।

यात्रा का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि राज्य की भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियुक्तियों को लेकर सरकार की कार्यशैली से युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है और मेधावी अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story