अहमदाबाद दौरे पर गए एसबीयू के कुलपति ने की नोडल सेंटर पर चर्चा
रांची, 26 मार्च (हि.स.)। सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) के कुलपति प्रो सी जगनाथन ने अहमदाबाद स्थित इंडियन नेशनल स्पेस प्रमोशन एंड ऑथराइजेशन सेंटर का गुरुवार को दौरा किया।
इस दौरान कुलपति ने केंद्र के डिप्टी डायरेक्टर डॉ सीपी सिंह (तकनीकी स्पेस स्टार्टअप्स के नोडल अधिकारी) से मुलाकात की। मौके पर नोडल सेंटर पर व्यापक चर्चा की गई। एसबीयू ने गुरुवार काे प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बैठक में भारत में तेजी से विकसित हो रहे स्पेस स्टार्टअप इकोसिस्टम और उसमें विश्वविद्यालयों की भूमिका को लेकर चर्चा हुई।
प्रो जगनाथन ने आईएन-स्पेस के विभिन्न अत्याधुनिक सुविधाओं जैसे इनोवेशन लैब, डिजाइन सेंटर तथा हाई-एंड सेंसर फैब्रिकेशन एवं टेस्टिंग लैब का भी अवलोकन किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के लिए सहयोग, फंडिंग की संभावनाओं और छात्रों को इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराने पर विस्तृत बातचीत की गई।
विज्ञप्ति के माध्यम से यह भी बताया गया कि यदि यह पहल सफल होती है, तो सरला बिरला विश्वविद्यालय झारखंड में स्पेस स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए एक नोडल सेंटर के रूप में विकसित हो सकता है। इस सेंटर को आईएन-स्पेस का सहयोग प्राप्त होगा। इससे राज्य में नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता को नई दिशा मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

