एसबीयू में आदित्य बिरला समर इंटर्नशिप प्रोग्राम का शुभारंभ
रांची, 08 जून (हि.स.)। सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) में सोमवार से आदित्य बिरला समर इंटर्नशिप प्रोग्राम-2026 का शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम 31 जुलाई तक चलेगा। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के चयनित छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।
प्रतिभागियों को प्रतिमाह 2000 रुपये की फेलोशिप दी जाएगी, जबकि सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी को अतिरिक्त 2000 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रौद्योगिकी, मजबूत अर्थव्यवस्था और मानव विकास की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि एसबीयू विद्यार्थियों को आधुनिक कौशल सीखने का बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है।
महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने आदित्य बिरला की प्रेरणादायी विरासत का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से कार्यक्रम का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। वहीं कुलसचिव प्रो. एस.बी. डांडिन ने इसे झारखंड का अपनी तरह का पहला समर इंटर्नशिप मॉडल बताया।
इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को पीडी एंड लाइफ स्किल, स्पोर्ट्स, योगा, आईओटी, डिजिटल मीडिया, ड्रोन एंड रोबोटिक्स, फिनटेक, वेब एंड नेटवर्किंग सहित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पिंटू दास ने किया, जबकि स्वागत भाषण डॉ. वी.एन.एल. लक्ष्मी दुर्गा और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

